खबरगुरु (रतलाम) 11 दिसंबर। थाना दीनदयाल नगर अंतर्गत हाट की चौकी क्षेत्र में बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे ने कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। गई। पूरे इलाके में धुआं ही धुआं हो गया। सुरक्षा के लिए इलाके की लाइट बंद कर दी गई। इलाके में अंधेरा और पूरे क्षेत्र में धुआं फैलने से रहवासी घबरा गए। आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आग को बुझाने के लिए शहर के साथ आस पास के इलाको से 25 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गई। आग इतनी भीषण (भयावह) थी कि उस पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। आग की लपटें 30 फीट से भी ज्यादा ऊंची दिखाई दी। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

आग पर करीब चार घंटे बाद काबू पाया जा सका। कबाड़ में प्लास्टिक, वायर, पुष्टे के कार्टून, केमिकल की बोतलें होने से आग की लपटें बीच-बीच में और तेज होती रहीं। गोदाम के आसपास स्थित दुकानों की छतों पर रखा सामान भी जल गया। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, थाना प्रभारी एवं पुलिस जवान सुबह तक मौके पर मौजूद रहे। जिस कबाड़ गोदाम में आग लगी है उसे हटाने के लिए प्रशासन ने पूर्व में नोटिस दिया था, लेकिन अब तक गोदाम नहीं हटाया जा सका। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


