खबरगुरु (रतलाम) 24 अक्टूबर। आबकारी विभाग की टीम ने रतलाम के पास बाइक से ले जाई जा रही 55.5 बल्क लीटर अवैध शराब एवं एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल अवैध शराब जब्त की है। आबकारी टीम ने एक आरोपी को अवैध शराब तस्करी में गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
दरअसल, आबकारी विभाग को शराब माफिया के आने की सूचना मिली थी। गुरुवार रात 11 बजे आबकारी विभाग की टीम धामनोद टोल के पास वाहन चेकिंग अभियान में लगी हुई थी। इस दौरान टोल के दूसरी ओर से एक बाइक पर दो युवक आ रहे थे। टोल की लाइन में आकर आबकारी टीम को देखकर बाइक की गति धीमी की। उनके हाव भाव देखकर आबकारी टीम को शक हुआ। जैसे ही टीम उनकी और जाने लगी तभी दोनों युवक बाइक छोड़कर खेत की ओर भागे। रात को अंधेरे का फायदा उठाकर खेत में भागने की कोशिश करने लगे। बड़ी-बड़ी घास में छिपने की कोशिश कर रहा था, टीम ने देखा तो वहां से भाग कर पेड़ के पीछे छुपने की कोशिश करने लगा। आबकारी टीम की सतर्कता के आगे बच नहीं पाया। पुलिस ने बाइक चालक पुष्कर मोंगिया पिता भरतलाल उम्र 29 वर्ष निवासी डेलनपुर को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी राहुल अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया। आरोपी के कब्जे से 48 नग बीयर केन, 175 देशी मदिरा पाव, कुल 55.5 बल्क लीटर मदिरा एवं एक हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (बिना नंबर) जब्त की गई। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹75,000 है।

बिना नम्बर की बाइक से कर थे अवैध शराब की तस्करी
मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम धामनोद टोल नाके के पास पहुंची। आबकारी विभाग की टीम वहां वहान चेकिंग कर रही थी तभी टीम को एक बिना नंबर प्लेट की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल पर आती हुई दिखाई दी। टीम को देख बाइक चालक रूक गया। टीम को शक हुआ और बाइक के पास जाने लगी। उसी समय बाइक सवार दोनो युवक बाइक और शराब से भरे बैग छोड कर खेत में भागने लगे। कभी बड़ी-बड़ी घास में तो कभी पेड़ के पीछे छुपने की नाकाम कोशिश कर रहा था आरोपी। टीम ने तत्परता दिखाते हुए टोल नाके की लाइट और टार्च की रोशनी में एक आरोपी को पकड़ लिया । आरोपी पर आबकारी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
आबकारी विभाग द्वारा चलाया जा रहा है सघन वाहन जांच अभियान
सहायक आबकारी आयुक्त डॉ. शादाब अहमद सिद्दकी के मार्गदर्शन में, सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में आबकारी विभाग रतलाम की टीम द्वारा आज दिल्लीदृमुंबई हाईवे सहित जिले के प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध मदिरा परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आबकारी अधिनियम के कठोर अनुपालन को सुनिश्चित करना था। वाहन जांच के दौरान अनेक वाहनों को रोका गया, उनकी तलाशी ली गई तथा संदेहास्पद गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक वंदना अग्रवाल, पुष्पराज चौहान, मीनाक्षी गुप्ता, अभिषेक वाईकर सहित समस्त आबकारी बल का सराहनीय योगदान रहा।


