खबरगुरू (अहमदाबाद) 12 जून। गुजरात के अहमदाबाद में एक बड़ा हादसा सामने आया है। गुरुवार को दोपहर डेढ़ बजे के करीब एक प्लेन क्रैश हो गया। प्लेन जिस बिल्डिंग से टकराया, वहां अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल के इंटर्न डॉक्टर्स रहते हैं। 25 इंटर्न डॉक्टर्स के मारे जाने की आशंका है। विमान में चालक दल के 10 सदस्य, गुजरात के पूर्व सीएम समेत 242 लोग सवार थे। एयरपोर्ट आने-जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया है। विमान के पायलट ने आखिरी मौके पर मे-डे (May day) कॉल दिया था।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1:38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1:40 बजे यह क्रैश हो गई। अहमदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था और अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के कुछ देर बाद मेघानीनगर के पास क्रैश हो गया।
प्लेन में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक सवार थे। इनमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी थे। रूपाणी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। अहमदाबाद फ्लाइट क्रैश के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम और शहर के कमिश्नर से बातचीत की, फिर दिल्ली की ओर से रवाना हुए। अब तक 80 से अधिक यात्रियों के मारे जाने की खबर है। NSG कमांडो मौके पर हैं। आसपास के अस्पतालों में आपातकालीन तैयार की गई है।