खबरगुरू (नई दिल्ली) 3 फरवरी। भारत और अमेरिका के बीच लंबे इंतजार के बाद ट्रेड डील हो गई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इसकी घोषणा की। भारतीय सामान पर टैरिफ 50 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। ट्रम्प ने अप्रैल में 25% रेसिप्रोकल टैरिफ (जैसे को तैसा) लगाया था और रूस से तेल खरीदने के कारण अगस्त में 25% पेनल्टी का ऐलान किया था। इससे भारत पर कुल टैरिफ 50% हो गया था।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस डील की घोषणा करते हुए कहा कि भारत पर टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया गया है। भारत पर रूसी तेल खरीदने के लिए लगाया गया 25% अतिरिक्त टैरिफ भी हटाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी तेल की खरीद बंद करने के लिए सहमत हो गए हैं।


