खबरगुरु (रतलाम) 25 जुलाई। शासकीय महाविद्यालय सैलाना में अजीबो-गरीब वाकया देखने को मिला है। यहां BA कक्षा की छात्राओं को परीक्षा में B.Sc का पेपर दे दिया गया था। परीक्षा परिणाम में सभी छात्राओं को फेल कर दिया गया है। सभी छात्राएं कलेक्टर के पास न्याय की गुहार लेकर पहुंची।


दरअसल, शासकीय महाविद्यालय सैलाना की BA तृतीय वर्ष की छात्राएं शुक्रवार सुबह कलेक्टर के पास पहुंची थी। छात्राओं के अनुसार उन्हें 7 अप्रैल को भाषा एवं संस्कृति और इंग्लिश लैंग्वेज कम्युनिकेशन के पेपर में B.Sc कक्षा का पेपर थमा दिया गया था। छात्राओं द्वारा जब आपत्ति दर्ज कराई गई तो उन्हें यूनिवर्सिटी द्वारा बीए में कन्वर्ट करने का बताया गया।

पेपर देने के पश्चात सभी छात्राओं ने कॉलेज की प्राचार्य से भी इस बारे में बात की तो प्राचार्य द्वारा आगे से ही प्रॉब्लम हुई है का कह समाधान की बात कही। इसके लिए उनसे एप्लीकेशन भी लिखवाई गई थी। परीक्षा परिणाम घोषित हुआ तब सभी छात्राओं को उस पेपर में फेल कर दिया गया।परीक्षा परिणाम आने के बाद शासकीय महाविद्यालय सैलाना में जब छात्राओं ने बात की तो प्राचार्य ने हम कुछ नहीं कर सकते कहते हुए पल्ला झाड़ लिया।
अब सभी छात्राएं कलेक्टर राजेश बाथम के पास पहुंची और न्याय दिलाने की गुहार लगाने लगी। कलेक्टर ने तुरंत पीएम एक्सीलेंस कॉलेज, रतलाम के प्राचार्य वाय.के. मिश्रा को फोन किया और उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।

उचित कार्रवाई के लिए लीड कॉलेज प्राचार्य वाय के मिश्रा को कहा है। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से बात की है। बच्चों का नुकसान ना हो, निर्देशित किया है।



