खबरगुरू (रतलाम) 6 फरवरी। बीती रात सैलाना ओवरब्रिज पर रात में सफाई कर रही महिलाओं को कार ने टक्कर मार दी। हादसें में एक महिला कर्मचारी की मौत हो गई जबकि उसकी साथी महिला कर्मचारी घायल हो गई। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कार की तलाश कर रही है। मंगलवार दोपहर महिला के शव को लेकर कर्मचारी नगर निगम पहुंचे।

दरअसल, सोमवार व मंगलवार की दरमियानी रात सैलाना ओवरब्रिज पर रात को सफाई हो रही थी। उसी दौरान रात करीब 2 बजे सफाई कर रही महिलाओं को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे एक 32 वर्षीय महिला कर्मचारी कविता भाटी पत्नी दीपक भाटी की मौत हो गई और उसकी साथी महिला कर्मचारी हिना परमार घायल हो गई । हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर भाग गया। पुलिस कार की तलाश कर रही है। महिला कर्मचारी की मौत के बाद साथी कर्मचारी अक्रोशित हो गए और मंगलवार दोपहर महिला के शव को लेकर कर्मचारी नगर निगम पहुंचे। निगम पर किया प्रदर्शन।