खबरगुरु (भोपाल) 12 सितंबर। मध्य प्रदेश जारी भारी बारिश की वजह से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। स्थिति को देखते हुए स्थिति सामान्य होने तक अधिकारियों-कर्मचारियों को छुट्टी पर रोक लगा दी है। कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल में अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है।
गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में बाढ़ के हालातों को लेकर आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में बाढ़ के हालातों से निपटने और बचाव के लिए जारी कार्यों की समीक्षा की। मध्यप्रदेश की नर्मदा नदी में बाढ़ का अलर्ट जारी हुआ है। इसकी चपेट में आने से कई जिले प्रभावित हो सकते हैं। मध्यप्रदेश से लेकर गुजरात तक कई जिले प्रभावित होने की आशंका है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों की स्थिति की समीक्षा के दौरान सभी संभागीय आयुक्त, आईजी, पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी बैठक से जुड़े। समीक्षा बैठक में सीएम यादव ने सम्बन्धित विभागों को उच्च राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिये हैं।
मंडला, डिंडोरी, सिवनी में मूसलाधार बारिश से बुधवार को बरगी बांध के 17 गेट सवा तीन मीटर ऊंचाई तक खोलने पड़ गए। बांध से 8199 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। नर्मदा नदी में बाढ़ के हालात बन गए हैं।