खबरगुरू (रतलाम) 12 अप्रैल। रतलाम में हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिरों सहित कई जगह हुए आयोजन। शहर के नेहरू स्टेडियम में संतो की उपस्थिति में 1 लाख 11 हजार 111 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ का आयोजन हुआ। इस भव्य आयोजन में हजारों की संख्या में भक्त मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप भी हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हुए।
सामाजिक संगठन सेवावीर परिवार रतलाम द्वारा शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के दिन इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। सुबह से ही शहर के नेहरू स्टेडियम में भक्तजन एकत्रित होने लगे थे। करीब 10 हजार से अधिक भक्तों ने शामिल होकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। आयोजन में महिला व पुरुषों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। हजारों गाड़ियों को व्यवस्थित पार्किंग के लिए कार्यकर्ताओं की मेहनत दिख रही थी।
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और वज्र बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज
सेवावीर कल्याण समिति द्वारा यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष किया गया है उल्लेखनीय है कि पिछली बार भी हनुमान जयंती पर समिति ने 51,000 हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन कर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी स्थापित किया था। इस वर्ष 1 लाख 11 हजार 111 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ का आयोजन हुआ और लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और वज्र बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज किया गया।
भावविभोर हुए श्रद्धालु
संतों के सान्निध्य में आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालु इतने भावविभोर हुए कि हनुमान चालीसा पाठ के दौरान कई भक्तों की आंखों से अनायास ही अश्रुधारा बह रही थी। संतों का स्वागत भव्य पुष्पवर्षा के साथ किया गया और वे मंचासीन होकर आयोजन को दिव्यता प्रदान करते रहे थे।
भक्ति, सेवा, समर्पण और संगठन की मिसाल बने इस आयोजन के अंत में सेवावीर परिवार ने सभी सहयोगियों, श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।
देखे वीडियो