खबरगुरु (रतलाम) 26 जुलाई। रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मेवासा गांव में एक युवक लड़की से मिलने पहुंचा था जहां उसे लड़की के पिता ने देख लिया। उन्होंने युवक का सिर मुंडवाया और पेड़ से बांध दिया। इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार नामली थाना क्षेत्र के मेवासा गांव में आयुष पिता समरथलाल मालवीय (18) निवासी कांडरवासा शुक्रवार देर रात अपनी प्रेमिका से से मिलने पहुंचा था । इसी दौरान लड़की के पिता ने दोनों को साथ में देख लिया। आयुष का सिर मुंडवाया और पेड़ से बांध दिया। इसके बाद इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। आयुष कक्षा 12वीं का छात्र था और गांव-गांव जाकर सूखे मसाले बेचता था।
सूचना मिलने पर पुलिस तड़के 4 बजे मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। युवक के परिवार वालों को इसकी सूचना दी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया । मामले में पुलिस ने लड़की के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में तो वह झूठ बोलता रहा, पुलिस द्वारा सख्ती बरते जाने पर उसने वारदात कबूल ली।


