खबरगुरू (रतलाम) 15 फरवरी। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मक कार्य से विश्व में अपनी पहचान बनाने वाले सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम की सफलता की किताब में एक और पन्ना जुड़ गया है। विद्यालय की शिक्षिका हर्षिता सोलंकी को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें नवाचारी गतिविधियां समूह द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक संवाद 2025-26 के अंतर्गत प्रदान किया गया है। हर्षिता सोलंकी शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों से शिक्षण कार्य कर रही हैं। उन्होंने बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कई नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियाँ अपनाई हैं।

नवाचारी गतिविधियां समूह देश भर में शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रचनात्मक एवं नवाचार कार्य के लिए सम्मानित करती है। इसके लिए शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। जिसमें रतलाम की सांदीपनि विद्यालय विनोबा रतलाम की माध्यमिक शिक्षा हर्षिता सोलंकी को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न 2025-26 से सम्मानित किया गया है। सम्मान मिलने पर हर्षिता सोलंकी ने कहा यह सम्मान मेरे विद्यालय और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। सम्मान मिलना उनके लिए अत्यंत ही गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह उपलब्धि न केवल उनके शैक्षिक कार्यों की पहचान है, बल्कि नवाचार आधारित शिक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करती है।
पूरे देश के लिए किया जाता है शिक्षकों का चयन
यह सम्मान शिक्षकों द्वारा शिक्षकों को दिया जाने वाला सम्मान है, जिसमें एक पूरी सुव्यवस्थित प्रक्रिया के तहत शिक्षकों का चयन पूरे देश के लिए किया जाता है। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 146 विकास खण्डों से 1-1 एवं अन्य राज्यों से 4-5 शिक्षकों का चयन कर उन्हें प्रमाण पत्र, मोमेंटो एवं पेन से सम्मानित किया जाता है। छत्तीसगढ़ में यह सम्मान कार्यक्रम ऑफलाइन मोड में आयोजित किया जाता है, जबकि अन्य राज्यों के शिक्षकों को यह अवॉर्ड सामग्री डाक (स्पीड पोस्ट) के माध्यम से भेजी जाती है, जो अपने आप में एक नवाचार है। चयन प्रक्रिया में देशभर से शिक्षकों के नामांकन प्राप्त हुए, जिनमें से स्क्रूटनी, शॉर्टलिस्टिंग, साक्षात्कार और दस्तावेज़ सत्यापन के पश्चात चयनित शिक्षकों को राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षा रत्न सम्मान प्रदान किया गया।
दी बधाई और शुभकामनाएं

विद्यालय की प्राचार्य संध्या वोहरा, उपप्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौड़,प्रधान अध्यापक अनिल मिश्रा, सीमा चौहान एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने सोलंकी को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दी।


