खबरगुरु (रतलाम) 16 अगस्त। रतलाम में गाय के बछड़े का सिर मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने बजना बस स्टैंड पर बछड़े के सिर को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया।नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

शनिवार दोपहर तकरीबन 11:00 बजे अमृत सागर तालाब के सामने कचरे के ढेर में गाय के बछड़े का सिर मिला। जैसे ही जानकारी मिली बड़ी संख्या में बजरंग दल, गौ रक्षा, हिंदू संगठन सहित कई संगठन से जुड़े लोग एकत्र होने लगे। बड़ी संख्या में इकट्ठा होने के बाद उन्होंने बाजना बस स्टैंड चौराहे पर बछड़े के सिर को सड़क पर रख चक्का जाम किया। वे सभी नगर निगम की कार्यप्रणाली से नाराज थे। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव एवं स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने नाराज लोगों को मनाने का प्रयास किया परंतु वह नगर निगम आयुक्त को मौके पर आने की बात पर अड़े रहे।
बछड़े के सिर को हाथ में लेकर नगर निगम की ओर चल पड़े

करीब 1 घंटे बाद भी जब आयुक्त मौके पर नहीं पहुंचे तो उनका गुस्सा और बढ़ गया बछड़े के सिर को हाथ में लेकर नगर निगम की ओर चल पड़े। थोड़ी दूर चलकर उन्होंने बछड़े के सर को ठेला गाड़ी पर रखा और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चलने लगे। चांदनी चौक पहुंचने के पहले ही नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना पहुंचे और नाराज लोगों को मनाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, दीनदयाल नगर थाना प्रभारी, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव सहित बल मौजूद था। लगभग 1 घंटे तक बीच सड़क पर समझाइश के बाद नाराज कार्यकर्ता माने। पुलिस और प्रशासन की ओर से 5 दिन में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
आश्वासन के बाद माने हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता
हिंदू संगठन से जुड़े लोगों का कहना था की हमेशा त्योहारों के समय ऐसी घटना क्यों होती है, इस पर अंकुश क्यों नहीं लगाया जाता है, कोई बड़ी कार्रवाई क्यों नहीं होती ? उन सभी की मांग थी कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए और अवैध रूप से संचालित पशुपालन पर रोक लगना चाहिए। नगर निगम आयुक्त अनिल भाना द्वारा कार्रवाई के आश्वासन के बाद हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता माने और जाम को खत्म किया। गौरव शर्मा वीएचपी जिला मंत्री, योगेश चौहान गौ रक्षा प्रमुख, आशु टांक, विनु शर्मा, सिद्वार्थ पंड्या सहित हिंदू संगठनो से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद थे।
देखे वीडियो



