खबरगुरु (रतलाम) 4 अगस्त। लगातार सायबर फ्रॉड के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। खास तौर पर लोन एप्स के माध्यम से आसान शर्तों पर ऋण उपलब्ध कराने के नाम पर जरूरतमंदों को जालसाज बड़ी संख्या में अपना शिकार बना रहे हैं। सायबर और लोन एप के माध्यम से होने वाले फ्रॉड को रोकने के लिए पुलिस अलर्ट है, साथ ही रतलाम पुलिस ने एडवाइजरी भी जारी की है।
पिछले दिनों में सायबर सेल को मिली है कई शिकायतें
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने साइबर अपराध के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि आज की डिजिटल दुनिया में जैसे-जैसे तकनीकी बढ़ती जा रही है इसी के साथ साइबर अपराधी भी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों के साथ साइबर धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम दे रहे है। आजकल सायबर फ्रॉडस्टर द्वारा ऑनलाइन लोन ऐप के माध्यम से ठगी के मामले बढ़ते जा रहे है । पिछले दिनों में कई शिकायतें सायबर सेल को मिली है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश खाखा के मार्गदर्शन में सायबर क्राइम सेल रतलाम टीम द्वारा आम लोगो को सायबर ठगी ने नए नए तरीकों के प्रति आम लोगो को जागरूक करने के उद्देश्य से सायबर फ्रॉड के तरीके और उनसे बचने के उपाय के बारे में समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जाती है।। सायबर और लोन एप के माध्यम से होने वाले फ्रॉड से बचने के लिए सोमवार को रतलाम पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
तुरंत लोन देने का करते हैं दावा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे Instagram, Facebook, WhatsApp, YouTube, ShareChat आदि पर कई विज्ञापन आते हैं जो तुरंत लोन देने का दावा करते हैं। अगर आप ऐसे ऐप्स डाउनलोड करते है तो इस प्रकार के एप्लीकेशन आपके फोन के मीडिया, गैलरी, कॉन्टैक्ट्स एवं मैसेजेस आदि का एक्सेस लेकर साइबर अपराधी आपके फोटो और फोन कॉन्टैक्ट लिस्ट चोरी कर लेते हैं।
ऐसे करते हैं साइबर अपराध
लोन के नाम पर कुछ अमाउंट आपके खाते में डालकर लोन की किश्त की तारीख से पहले ही अज्ञात WhatsApp नंबरों से संपर्क कर लोन पर मनमाना इंटरेस्ट लगाकर पैसे की मांग करते जाते है। पैसे डालने के बाद भी और अधिक पैसे की मांग लगातार की जाएगी नहीं देने पर आपके फोन से चुराए गए फोटोस को एडिट कर के अश्लील फोटो बनाकर आपके रिश्तेदारों और दोस्तों को भेजने की धमकी दी जाती है।
इन बातों का रखें ध्यान
– आमजन को तुरंत लोन देने वाले ऐप्स से सावधान रहना चाहिए।
– अज्ञात WhatsApp नंबरों से संपर्क होने पर उस अकाउंट को रिपोर्ट करें।
– सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी लोन ऐप्स के विज्ञापनों पर भरोसा न करें और न ही डाउनलोड करें।
– लोन के नाम पर ब्लैकमेल करने पर किसी को भी अमाउंट ट्रांसफर न करे।
फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1930
वेबसाइट: cybercrime.gov.in
साइबर हेल्पलाइन रतलाम: 7049127420


