खबरगुरू (रतलाम) 3 जुलाई। बदमाशों पर लगातार रतलाम पुलिस की कार्रवाई जारी है। अपराधियों और दहशतगर्दी फैलाने वाले आरोपियों को लगातार सबक सिखा रही है। ऐसे लोगों का शहर में जुलूस निकालकर पुलिस एक नया संदेश दे रही है। गुरूवार को लगातार दूसरे दिन रतलाम पुलिस ने स्टेशन रोड थाने से 26 अपराधियों का जुलूस निकाला उसके बाद जेल वाहन में बैठाकर शहर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। इसके पहले बुधवार को भी पुलिस ने स्टेशन रोड थाने से 22 आदतन अपराधियों को जेल वाहन में बैठाकर शहर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था।
दरअसल, आगामी त्योहारों को देखते हुए रतलाम पुलिस ने गुंडा तत्वों की धरपकड़ का अभियान चलाया। इस दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 26 लोगों को पकड़कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। गुरूवार दोपहर अपराधियों कुछ दूर तक जुलूस निकाला और स्टेशन रोड थाने के बाहर खड़े जेल वाहन में बैठाकर शहर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। कार्रवाई के दौरान एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, ओद्यौगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी, माणक चौक थाना प्रभारी अनुराग यादव, डीडी नगर थाना प्रभारी मनीष डावर के साथ पुलिस बल मौजूद था।
एएसपी राकेश खाखा के नेतृत्व में नगर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी ग्रामीण किशोर पटनवाला, उप पुलिसअधीक्षक अजय सारवान एवं शहर के चारों थाना प्रभारियों की टीम बनाकर शहर के ऐसे सक्रिय आदतन अपराधियों की धड़पकड़ का अभियान चलाया जा रहा है। जो पूर्व में गंभीर अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त रहे है। साथ ही वर्तमान में भी किसी गंभीर घटना अंजाम दे सकते हैं। बीते दो दिनों में 48 आदतन अपराधियों को पकड कर शहर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है।
एसपी अमित कुमार ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में प्रभावी गश्त, पेट्रोलिंग करने एवं अवैध गतिविधियों एवं आदतन बदमाशों पर नजर रख विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए है।


