खबरगुरु (मुंबई) 24 नवंबर। बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ वेटरन एक्टर धर्मेंद्र ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 24 नवंबर को 89 साल के धर्मेंद्र ने आखिरी सांस ली। 12 नवंबर को ही ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से परिवार के कहने पर डिस्चार्ज किया गया था। इसके बाद से घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। बता दें, धर्मेंद्र अगले महीने 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे और उनके ठीक-ठाक घर लौट आने के बाद खबर थी कि उनका पूरा परिवार एक साथ धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन बड़े ही धूम-धाम से मनाने वाला था। 65 साल के फिल्मी करियर में, उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया था और हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों में अभिनय करने का रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है।
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र कुछ दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे। कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चला। इसके बाद उनका इलाज घर पर ही किया जाने लगा। लेकिन वक्त के साथ तबीयत नहीं सुधरी और आज सोमवार यानी 24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र का निधन हो गया।
इसी महीने जब धर्मेंद्र हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे तो उस समय उनकी झूठी मौत की खबर फैल गई थी, जिससे उनका पूरा परिवार काफी गुस्से में नजर आया था. हेमा मालिनी से लेकर ईशा देओल.. सनी देओल सब ने अपना गुस्सा जाहिर किया था।


