खबरगुरू (उज्जैन) 30 मार्च। विक्रम विश्वविद्यालय के 29वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों को उपाधि और स्वर्ण पदक प्रदान किए। समारोह में 140 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक व 75 विद्यार्थियों को पीएचडी और दो शोधार्थियों को डी. लिट. की उपाधि प्रदान की। रतलाम के अक्षद पंडित को एम ए संगीत गायन में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव और कमलेश पटेल को विश्वविद्यालय द्वारा डी-लिट की मानद उपाधि
स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और हार्टफुलनेस संस्था के संस्थापक श्री कमलेश पटेल को विश्वविद्यालय द्वारा डी-लिट की मानद उपाधि प्रदान की गई।
70 विद्यार्थियों को उपाधि, 99 को मेडल और 2 शोधार्थियों को डी-लिट की उपाधि
विक्रम विश्वविद्यालय का 29 वां दीक्षांत समारोह का आयोजन गुड़ी पड़वा पर आयोजित हुआ। दीक्षांत समारोह में मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य्प्रदेश के उच्चशिक्षा मंत्रीजी इंदर सिंह परमार, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलगुरू डॉ अर्पण भारद्वाज एवं गणमान्यजन उपस्थित थे। इस दौरान 70 विद्यार्थियों को उपाधि, 99 को मेडल और 2 शोधार्थियों को डी-लिट की उपाधि प्रदान की गई। रतलाम के अक्षद पंडित को एम ए संगीत गायन में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। अक्षद पंडित डॉ स्नेहा पंडित एवं वरिष्ठ पत्रकार भुवनेश पंडित के पुत्र है।
महर्षि सान्दीपनि के गुरुकुल का यह पुरातन क्षेत्र आज भी जन-जन की आस्था का केन्द्र- राज्यपाल मंगुभाई पटेल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि शिक्षा, धर्म, साहित्य, संस्कृति, विज्ञान और व्यापार के क्षेत्रों में भारत के मानचित्र पर उज्जैन की अपनी विशिष्ट पहचान है। क्षिप्रा के पवित्र तट पर बसे उज्जैन नगर में विद्याध्ययन की अभिलाषा से आये श्रीकृष्ण की कथा पूरे संसार में प्रसिद्ध है। महर्षि सान्दीपनि के गुरुकुल का यह पुरातन क्षेत्र आज भी जन-जन की आस्था का केन्द्र है, जहाँ स्वयं जगद्गुरु ने शिक्षा पायी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ज्ञान-विज्ञान के अनेक नवीन क्षेत्र प्रकाश में आ रहे हैं। पारम्परिक विषयों के साथ अनेक नवीन विषयों में उच्च शिक्षा के नये आयाम विकसित हुए हैं। भारत के प्रतिभा सम्पन्न छात्र-छात्राओं ने विश्व फलक पर अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।