खबरगुरु (भोपाल) 1 दिसंबर। मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज प्रारंभ होगा। इसमें कुल चार बैठकें होंगी। शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर से शुरू हो रहा है, जो 5 दिसंबर तक चलेगा। इसमें राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए द्वितीय अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी। मोहन यादव की सरकार इस दौरान करीब 10 हजार करोड़ रुपये का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश करेगी। सरकार सदन में नगरपालिका अध्यक्ष के सीधे चुनाव से संबंधित विधेयक के अलावा दुकान एवं प्रतिष्ठान (संशोधन) विधेयक 2025 ला सकती है। केंद्रीय योजनाओं के लिए राज्यांश के साथ, जल जीवन मिशन, भावांतर योजना और अधोसंरचना विकास की योजनाओं के लिए प्रविधान रखे जाएंगे।
विपक्षी पार्टी कांग्रेस भी शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने के लिए तैयार दिख रही है। वो कई मुद्दों को सदन में जोरदार तरीके से उठा सकती है। भोपाल में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास पर रविवार (30 नवंबर) को मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई।


