खबरगुरु (रतलाम) 18 नवंबर। मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल जा रहे हैं। रतलाम में भी लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ठंडी हवाओं का असर बढ़ने से पारा लगातार गिर रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में कमी के बावजूद, सुबह की पाली वाले स्कूलों के समय में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है। भोपाल, इंदौर समेत 5 शहरों में में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, लेकिन तापमान में कमी के बावजूद रतलाम में स्कूलों के समय में अब तक कोई बदलाव नहीं किया गया है।

बढ़ती ठंड को लेकर उठने लगी है स्कूलों के समय में परिवर्तन की मांग
सुबह ठंड के दौरान बच्चे कंपकंपाते हुए स्कूल जाते हुए दिख रहे हैं। तापमान में लगातार हो रही गिरावट से जनजीवन की रफ्तार धीमी पड़ गई है। रात के साथ-साथ दिन में भी लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। शाम होते ही जगह-जगह अलाव जलने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है इतनी ठंड में सुबह बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है। पिछले दो-तीन दिनों से ठंड बढ़ी है, और छोटे बच्चे सुबह कंपकंपाते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने स्कूलों के समय में वृद्धि कर बच्चों को राहत देने की मांग की। जिला प्रशासन को जल्द निर्णय लेकर स्कूलों का समय बदलना चाहिए जिससे बच्चों को राहत मिल सकें।


