खबरगुरु (रतलाम) 5 सितंबर। रतलाम के प्रतिष्ठित शिक्षाविद डॉ. देवकीनंदन पचौरी सर का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शिक्षक दिवस के दिन मेडिकल कॉलेज रतलाम में ली अंतिम सांस। उनके निधन की खबर से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ पड़ी। डॉ. पचौरी अपने पीछे एक पुत्री, दामाद और पौत्र छोड़ गए है। उनकी अंतिम यात्रा आज 5 सितंबर को दोपहर एक बजे स्टेशन रोड पुलिस थाने के पास स्थित उनके निवास ऋचायन से निकलेगी। अंतिम संस्कार भक्तन की बावड़ी मुक्तिधाम पर होगा।
शिक्षक दिवस के दिन सुबह 9 बजे हमें छोड़ कर चले गए
पचौरी सर कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे उनका इलाज पिछले तीन दिनों से रतलाम के लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। डॉ. डी एन पचौरी सर आज गुरुवार शिक्षक दिवस के दिन सुबह 9 बजे हमें छोड़ कर चले गए। रतलाम के लिए अपूरणीय क्षति है। पचौरी सर ने 83 वर्ष की आयु में विराम लिया और ईश्वरीय शरण में गए। डॉ पचौरी सर के देहांत की खबर से उनके शुभचिंतकों, शिक्षा जगत, राजनीति, साहित्य और सामाजिक जगत में शोक व्याप्त है।
अलग अंदाज में पढ़ाने के तरीके से विद्यार्थियों की पहली पसंद बने थे डॉ डी एन पचौरी सर
डॉ. डी एन पचौरी सर ने लंबे समय तक गुजराती स्कूल में अपनी सेवाएं दी है। वें गुजराती स्कूल से प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने अलग अंदाज में पढ़ाने के तरीके से विद्यार्थियों की पहली पसंद बने थे डॉ डी एन पचौरी सर। साइंस की इक्वेशन हो या साइंस के नियम हो बड़े अनोखे अंदाज में विद्यार्थियों के दिमाग में बैठा देते थे।