खबरगुरु (रतलाम) 8 अगस्त। शनिवार को 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस है, इस अवसर पर सामाजिक संगठन रैली निकालते हैं। रतलाम एसपी अमित कुमार ने शुक्रवार दोपहर पुलिस अधिकारियों के साथ शहर में पैदल चलकर रैली के रूट का बारीकी से निरीक्षण किया । उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं के लिए निर्देशित किया। इस दौरान एसपी ने ड्रोन की सहायता से भी रूट को देखा। रूट में आने वाले कुछ स्थानों पर लटकी हुई केबल को व्यवस्थित करने के लिए एमपीईबी कर्मचारियों को कहा।

शुक्रवार को एसपी अमित कुमार पुलिस अधिकारियों के साथ बाजना बस स्टैंड से पैदल चले और कॉलेज रोड तक रैली के रूट को देखा। विश्व आदिवासी दिवस पर निकलने वाली रैली के सुचारू एवं शांति पूर्वक संपन्न करवाए जाने हेतु यातायात व्यस्था सुचारू रूप से बनाए रखने के संबंध आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। रक्षाबंधन के दृष्टिगत बाजार में आने वाले नागरिकों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु संबंधित थाना प्रभारियों को दिशा निर्देश प्रदान किए। त्यौहार के दौरान असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने एवं नागरिकों के बीच सुरक्षा और भरोसे का वातावरण तैयार करने हेतु निर्देशित किया। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, अजाक डीएसपी अजय सारवान, एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला, ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी , स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी, माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

कॉलेज रोड तिराहे पर बीच रोड पर पार्क की गई गाड़ियों को देख नाराज हुए एसपी

पैदल चलते हुए एसपी कॉलेज रोड पहुंचे जहां पर बीच रोड पर कई गाड़िया खड़ी हुई थी। एसपी ने नाराजगी जताते हुए ट्रैफिक डीएसपी को चालानी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। स्टेशन रोड थाना प्रभारी को वाहन मालिकों पर एफआईआर करने के लिए कहा।
आरोग्य हनुमान मंदिर पर किए दर्शन
एसपी अपनी टीम के साथ कॉलेज रोड स्थित आरोग्य हनुमान मंदिर पर रुके और दर्शन किए। मंदिर परिसर के बाहर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।
देखे वीडियो


