खबरगुरु (रतलाम/जावरा) 19 अगस्त। कुत्तों के काटने की घटनाएँ कोई नई बात नहीं हैं, लेकिन जिस तरह से कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है, वह चिंता का विषय है। लगातार कुत्तों के काटने की खबरें आ रही हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। रतलाम में आवारा कुत्तों के आतंक की डरावनी तस्वीरें आई हैं। रतलाम के जावरा में आवारा कुत्तों ने सड़क पर पड़े युवक के गाल, आँखें और गले को खा लिया है। उसकी तस्वीर हम उसी रूप में आपको नहीं दिखा सकते। फोटो को ब्लर करके दिखा रहे है, क्योंकि तस्वीर विचलित कर देने वाली है। हादसे ने एक बार फिर जिले में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और प्रशासन की निष्क्रियता को उजागर किया है।


युवक का चेहरा, एक आंख और गले को कुत्तों ने बुरी तरह से नोच कर खा लिया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 5 बजे जावरा के बस स्टैंड के पास सड़क पर युवक के शव के पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का शव ऐसे हाल में देख सभी सन्न रह गए। युवक के सिर से खून बह कर सड़क पर पड़ा था और युवक का चेहरा, उसकी एक आंख और गले को कुत्तों ने बुरी तरह से नोच कर खा लिया था। मृतक की पहचान पप्पू लाल पिता पूनमचंद्र चंद्रवंशी निवासी बड़ायला माताजी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज रतलाम भिजवाया।
संभावना जताई जा रही है युवक देर रात शराब के नशे में गिर गया होगा। सिर पर चोट आने की कारण से बेहोश हो गया होगा। उसके बाद कुत्तों ने उसका चेहरा, गला और आंखें नोच कर खा लिया होगा।


