खबरगुरु (रतलाम) 20 अक्टूबर। दीपावली पर्व के दौरान अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वालों पर शिंकजा कसना शुरू कर दिया है। रतलाम में बिलपांक पुलिस ने दिवाली के मौके पर अवैध शराब की तस्करीं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 72 लीटर शराब जब्त की है। दो अलग-अलग मामलों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल, 20 अक्टूबर दीपावली वाले दिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 72 लीटर शराब जब्त की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक मामले में 53.640 बल्क लीटर शराब, वहीं दूसरे मामले में 18 लीटर शराब जब्त की है। जिनकी कुल कीमत 46 हजार रूपये है।
पहले मामले में बिलपांक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी की जाइलो गाड़ी से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना पर बिलपांक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान सातरुंडा महू नीमच हाइवे पर घेराबंदी की। इस दौरान सफेद कलर की जाइलो गाड़ी MP 09 BC 0767 मूलथान की ओर से आई हुई दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रोक कर पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम नीरज पिता राजकुमार जायसवाल उम्र 32 वर्ष निवासी सातरूंडा थाना बिलपांक होना बताया। पुलिस ने वाहन के अंदर से सिग्नेचर कंपनी की एक पेटी शराब कीमत 10 हजार 800 रू, लंदन प्राइड कंपनी की एक पेटी शराब कीमत 6 हजार 720 रूपये, पावर कंपनी की बियर तीन पेटी कीमत 9 हजार 360 रूपये की शराब जब्त की है। इस प्रकार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 53.640 बल्क लीटर शराब जब्त की है जिसकी कुल कीमत 26 हजार 880 रुपए है। पुलिस ने आरोपी नीरज के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहन जाइलो क्रमांक MP 09 BC 0767 जब्त कर लिया है।

दूसरे मामले में पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद कलर की स्विफ्ट कार से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। सातरूंडा पर पुलिस ने मूलथान की ओर से आई हुई स्विफ्ट कार MP 43 C 9102 को रोका। कर चालक ने अपना नाम मोहित पिता रामचंद्र टांक उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सातरूंडा थाना बिलपांक बताया। पुलिस ने कार की डिक्की से सिग्नेचर शराब की एक पेटी (9 लीटर) जिसकी कीमत 10 हजार 800 रूपये, एक पेटी मैजिक मोमेंट शराब 9 बल्क लीटर जिसकी कीमत 8 हजार 400 रूपये मिली। इस प्रकार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 18 बल्क लीटर शराब जिसकी कीमत 19 हजार 200 रूपये है जब्त की। पुलिस ने स्विफ्ट डिजायर के चालक मोहित टॉक को गिरफ्तार किया एवं उसके विरुद्ध धारा 34 (1) आबकारी एक्ट मैं अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस ने दीपावली के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए गश्त और चेकिंग अभियान और तेज किया गया है। त्योहार के अवसर पर अवैध शराब परिवहन के मामले सामने आए हैं, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा है।


