खबरगुरु (रतलाम) 26 जनवरी। रतलाम शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दुकान में धमाका हुआ है। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई जिससे तीन लोग झुलस गए हैं। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद पुलिस मौके पर मौजूद है। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में एक बंदूक की दुकान में धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रविवार दुकान में वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था उसी दौरान धमाका हुआ है। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दुकान अब्दुल कादरी की है और लाइसेंसी आर्म्स की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। मौके पर अति. पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के साथ पुलिस बल मौके पर मौजूद है।


