खबरगुरू (भोपाल) 5 जून । विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आज मध्यप्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व पर्यावरण दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। सभागार परिसर में स्वर्ण चंपा, सीता अशोक, रामफल और आंवला का पौधा रोपा। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, सर्कुलर इकोनॉमी और हरित विकास से जुड़े नवाचारों का प्रदर्शन एवं प्रस्तुतिकरण किया।

– मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्कुलर इकॉनॉमी से संबंधित 5 कोर्स मॉड्यूल्स और एप्को तथा इन्टैक द्वारा प्रदेश में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 16 जिलों की 500 बावड़ियों के प्रलेखन दस्तावेजों का विमोचन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचारों, सर्कुलर इकॉनॉमी तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में 8 श्रेणियों में 11 राज्य स्तरीय पर्यावरण पुरस्कार प्रदान किये। पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली औद्योगिक इकाइयों, शैक्षणिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों तथा व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के यह पुरस्कार प्रदान किए ।


