खबरगुरु (रतलाम) 12 अक्टूबर। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप की पूज्य माताजी श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप का त्रिवेणी मुक्तिधाम पर अंतिम संस्कार हुआ। पुत्र चेतन्य काश्यप, पौत्र सिद्धार्थ-श्रवण और पड़पौत्र सारांश ने जब मुखाग्नि दी तो हर आंख नम थी। जिस आंचल ने नियति की हर चुनौती को मात दी, जिस गोद ने बेटे को सिखाया कि पद बड़ा नहीं, सेवा बड़ी होती है। वह आंचल आज भले ही खाली हो गया हो, पर उसका दिया हुआ संस्कार और संघर्ष का जज्बा हमेशा-हमेशा के लिए अमर हो गया। श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप अब सिर्फ यादों में रह गईं, उनकी पार्थिव देह त्रिवेणी के तट पर अग्नि को समर्पित हो गई। विसाजी मेंशन, स्टेशन रोड से नगर निगम के मोक्ष रथ में अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें शहर के राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और औद्योगिक जगत के सैकड़ों गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

मोक्ष रथ के पीछे चल पड़ा पूरा रतलाम

स्टेशन रोड स्थित विसाजी मेंशन से निकली अंतिम यात्रा में रतलाम का हर वर्ग शामिल था। राजनीति, समाजसेवा, व्यापार, धर्म और पत्रकारिता – हर क्षेत्र के लोग उस मां को अंतिम प्रणाम करने आए, जिसने संघर्ष में भी संस्कार नहीं छोड़े। श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप को त्रिवेणी मुक्तिधाम स्थित विधायक श्रद्धा सदन में आयोजित शोक सभा में भावभीनी श्रद्धांजली दी गई। शोक सभा के आरंभ में गच्छााधिपति आचार्य श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वर जी म.सा., आचार्य श्रीमद् विजय जयरत्न सूरीश्वर जी म.सा., महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेन्द्र शुक्ल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय आदि के शोक संदेशों का वाचन किया गया।
श्रद्धा सदन में छलके आंसू
महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, मंदसौर सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व मंत्री हिम्मत कोठारी, विधायक डॉ. चिंतामणी मालवीय, महापौर प्रहलाद पटेल, जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय महामंत्री राज चौधरी, पूर्व विधायक दिलीप मकवाना, पूर्व महापौर पारस सकलेचा, सकल जैन श्रीसंघ के प्रकाश मूणत, सनातन धर्म सभा के अनिल झालानी, त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुशील लोढ़ा, अध्यक्ष सुशील छाजेड़, वीसा पोरवाल समाज के विलेश पोरवाल, मोहनखेड़ा तीर्थ के ट्रस्टी सुजानमल सेठ राणापुर वाले, भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मोहन पाटीदार, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष इब्राहिम शैरानी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र कटारिया, रतलाम प्रेस क्लब अध्यक्ष मुकेश पुरी गोस्वामी, कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार ने संबोधित किया। शोक सभा का संचालन राजकमल जैन ने किया।
धर्मनिष्ठ और संस्कार प्रदाता थीं तेजकुंवर बाई
शोक सभा में वक्ताओं ने श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप के विशाल व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती तेजकुंवर बाई काश्यप धर्मनिष्ठ, कर्मनिष्ठ और संस्कार प्रदाता थीं। पति अशोक कुमार काश्यप के आकस्मिक निधन के बाद उन्होंने युवावस्था में ही परिवार को संभालते हुए पुत्र-पुत्री को संस्कारित किया और संघर्ष की मिसाल पेश की। मंत्री चेतन्य काश्यप में जो सेवा और परोपकार का भाव है, वह माताजी के दिए संस्कारों की ही देन है।
शोक बैठक और उठावना
श्रीमती काश्यप की शोक बैठक 12 एवं 13 अक्टूबर को शाम 5 से 9 बजे तक निवास स्थान विसाजी मेंशन, स्टेशन रोड पर रखी गई है। वहीं उठावना, श्रद्धांजलि सभा एवं शोक निवारण 14 अक्टूबर, बुधवार को शाम 4 से 5:30 बजे विधायक सभागृह बरबड़ पर होगा।


