खबरगुरु (रतलाम) 10 मई। गर्मी का असर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। दोपहर के समय में सड़के आग उगल रही है। गर्म हवा चलने से लू के थपेड़े लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रतलाम में दर्ज किया गया। बादल साफ होने के बाद प्रदेश के कई शहरों में पारा चढ़ रहा है। आगामी दिनों में पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, अप्रैल में बारिश का दौर चला। इससे गर्मी का असर नजर नहीं आया। वहीं दिन-रात ठंडे रहे। अब बारिश का दौर थम जाने के बाद अब गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। सुबह से ही तीखी धूप के कारण गर्मी सताने लगी है। प्रदेश के 16 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रहा । जबकि रतलाम प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। पारा 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।