खबरगुरू (वॉशिंगटन) 5 जून । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भरोसा जताया कि अमेरिका और भारत जल्द ही एक व्यापार समझौते पर पहुंच जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “अच्छा दोस्त” भी बताया है। हालांकि साथ ही उन्होंने भारत पर आरोप लगाया है कि उसने सालों तक अमेरिका का फायदा उठाया है। ट्रंप ने दावा किया कि अब स्थिति बदल गई है और अमेरिका भारत से अच्छी कमाई कर रहा है।
व्हाइट हाउस में दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों पर चर्चा करते हुए ट्रंप ने पत्रकारों से कहा, “मुझे आपके प्रधानमंत्री बहुत पसंद हैं। वह मेरे अच्छे दोस्त हैं और हमारी आपस में खूब बनती है। हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं।” इस दौरान पीएम मोदी ने नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच ट्रेड डील की उम्मीद जताई। उन्होंने दावा किया कि भारत ने अब तक व्यापारिक संबंधों का फायदा उठाया लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि बातचीत सकारात्मक रही है और दोनों देश ऐसा समझौता करना चाहते हैं जिससे भारत और अमेरिका, दोनों को फायदा हो। यानी दोनों पक्ष अभी भी व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।


