खबरगुरू (रतलाम) 9 जून । रतलाम जिले के जावरा से रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। उज्जैन लोकायुक्त ने शिक्षा विभाग के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उस पर एक सेवानिवृत्त शिक्षक से सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पेंशन भुगतान आदेश जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप योजना बनाई और आरोपी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार जावरा के विश्राम गृह के पीछे निवास करने वाले सेवानिवृत शिक्षक लक्ष्मीनारायण लोट ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने के लिए अनिल वर्मा सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू जावरा द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन, बातचीत के रिकॉर्ड और आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, हेड कांस्टेबल हितेश ललावत तथा कांस्टेबल उमेश जाटव, श्याम शर्मा, नीरज राठौर और संदीप कदम शामिल रहे।


