खबरगुरू (रतलाम) 28 अप्रैल। रतलाम में तेज रफ्तार कार की टक्कर से अभिभाषक 65 वर्षीय हनुमानप्रसाद अग्रवाल घायल हो गए। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वकील की मौत की खबर मिलते ही अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में नाराज अभिभाषकों ने देर रात करीब 11 बजे स्टेशन रोड थाने का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बाद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर अभिभाषक शांत हुए।
सोमवार शाम करीब 6.20 बजे अभिभाषक हनुमान प्रसाद अग्रवाल (63) एक्टिवा से स्टेशन रोड की तरफ से होकर दो बत्ती चैराहे क्रॉस कर स्टेशन रोड थाने की तरफ जा रहे थे। तभी एक काले रंग की दिल्ली पासिंग कार ने उन्हें पिछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक तेजी से कार चलाकर निकल गया।
सीएसपी ऑफिस के सामने हादसा हुआ। सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया तुरंत हादसे वाले स्थान पर पहुंचे ओर एंबुलेंस में घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। रात करीब 10 बजे वकील की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव को मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
तेज रफ्तार काली कार, जिस पर लाल अक्षरों में ‘भारत सरकार’ लिखा था, ने एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


