खबरगुरू (रतलाम) 28 जून। रतलाम में एक स्कूल के नवीं से 12वीं कक्षा के बच्चों को अपनी शिक्षा के हक के लिए 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। इतना ही नहीं उन्हें बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी भी करना पड़ी। वें सभी स्कूल द्वारा मान्यता नवीनीकरण नहीं होने पर टीसी देने की बात से नाराज थे और विधायक को ज्ञापन देने उनकें कार्यालय आए थे। विधायक चेतन्य काश्यप शहर से बाहर है इसलिए विधायक कार्यालय पर पार्टी के वरिष्ठ नेता मनोहर पोरवाल को विधायक के नाम ज्ञापन सौपा। आश्वासन के बाद विद्यार्थी एवं अभिभावक माने और मेजिक में बैठकर घर गए।

दरअसल, सागेद रोड स्थित जैन बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शनिवार सुबह स्कूल परिसर से पैदल चलकर शहर विधायक कार्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद थे। बच्चे स्कूल द्वारा अचानक TC देने की बात से नाराज थे। उनका कहना था बीच सत्र में मान्यता नहीं मिलने की बात कह कर उन्हें स्कूल से टीसी निकालने का आदेश दे दिया गया।
विद्यार्थियों ने विधायक कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी भी की। डीईओ मैडम मुर्दाबाद, शिक्षा हमारा अधिकार है, हमें एडमिशन मिलना चाहिए, डीईओ मैडम को हटाओ के नारे लगाकर अपना आक्रोश जाहिर किया। अभिभावकों का कहना है की डीईओं मैडम ठीक से जवाब नहीं देती। इसलिए हमें अपने हक के लिए इस प्रकार आना पडा। जिला शिक्षा अधिकारी के उदासीन रवैये कीअनेक शिकायते सुनने को मिलती है। बच्चों के इस आक्रोश में विद्यार्थी परिषद भी शामिल हुआ। विद्यार्थी परिषद छात्र नेताओं ने बच्चों के साथ सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। इस दौरान छात्र नेता एबीवीपी जिला संयोजक सत्यम दवे, नगर मंत्री सिद्धार्थ मराठा, प्रांत मंत्री कुशल यादव सहित छात्र नेता मौजूद थे।
ये है मामला
स्कूल की ओर से 15 अप्रैल को जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा गया था। पत्र में बताया गया था कि एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर स्कूल की हाई एवं हायर सेकेंडरी की मान्यता 2024-25 तक ही दिख रही है जबकि मान्यता नवीनीकरण के प्रमाण पत्र में स्कूल की मान्यता की वैद्यता 2027-28 दर्शाई गई है। इसलिए स्कूल द्वारा मान्यता नवीनीकरण नहीं किया गया। इस समस्या का उल्लेख किया गया था।

इस पत्र के बाद तकनीकी समस्या को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 16 अप्रैल 2025 को एक पत्र आयुक्त लोक शिक्षण संस्थान, भोपाल को लिखा गया था। पत्र में बताया गया था कि जैन बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतलाम का वर्ष 2021 में मान्यता नवीनीकरण किया गया है। एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर स्कूल की हाई एवं हायर सेकेंडरी की मान्यता 2024-25 तक ही दिख रही है जबकि मान्यता नवीनीकरण के प्रमाण पत्र में स्कूल की मान्यता की वैद्यता 2027-28 दर्शाई गई है। इसलिए स्कूल द्वारा मान्यता नवीनीकरण नहीं किया गया। इसमें आवश्यक मार्गदर्शन मांगा गया था।
स्कूल के विद्यार्थियों को मान्यता नवीनीकरण नहीं हो पाने की बात कह कर टीसी ले जाने की बात स्कूल द्वारा कही गई थी। इसी बात से बच्चों के अभिभावक नाराज हो गए। बीच सत्र में बच्चों को कहां लेकर जाएंगे। बच्चे घबरा गए है। अपना हक मांगने के लिए विधायक कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे थे।


