खबरगुरु (रतलाम) 19 जुलाई। अवैध शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। आबकारी विभाग की टीम ने ट्रेन से अवैध शराब के परिवहन कर रहे एक नाबालिग को पकड़ा है। उसका साथी आरोपी युवक दूर से ही आबकारी टीम को देखकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के शुक्रवार को इंदौर से रतलाम आ रही ट्रेन से एक नाबालिग अवैध शराब का परिवहन कर रहा था। रात 8 बजे स्टेशन के पहले प्रताप नगर के पास आउटर पर जैसे ही ट्रेन रूकी उसने अवैध शराब से भरा बैग नीचे उतार के झाड़ियों में रख दिया। मुखबिर से मिली सूचना पर आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को अवैध शराब के साथ पकड़ा। उस दौरान नाबालिग को रिसीव करने आने वाला उसका साथी विजय उर्फ मोनू राजावत पिता राजेंद्र राजावत निवासी रत्नेश्वर रोड दूर से ही टीम को देखकर फरार हो गया।
इंदौर से रतलाम लाई जा रही थी अवैध शराब
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अवैध शराब इंदौर से रतलाम लाई जा रही थी। 1 बाल अपचारी एवं फरार आरोपी विजय उर्फ मोनू राजावत पिता राजेंद्र राजावत निवासी रत्नेश्वर रोड के कब्जे से 04 बैग में 12 बोतल सिग्नेचर व्हिस्की, 12 बोतल बकार्डी रम, 12 बोतल मैजिक मोमेंट वोदका, 36 बोतल फॉक्स वोदका कुल 54.0 बल्क लीटर जब्त की है। इनके विरूद्व मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । बाल अपचारी को बाल न्यायालय में पेश कर बाल सुधार गृह भेजा गया एवं फरार आरोपी की तलाश जारी है । इस प्रकार कुल जब्त मदिरा कीमत 80,820/- रुपए आंकी गई।
ऐसे कर रहे थे अवैध शराब का परिवहन
इंदौर से ट्रेन में नाबालिग को अवैध शराब के साथ भेजा गया। ट्रेन के आउटर पर रुकते ही नाबालिग बच्चा अवैध शराब को नीचे उतार लेगा। उसे रिसीव करने के लिए रतलाम में उसका साथी युवक तैयार रहेगा। इस प्लानिंग के साथ शुक्रवार को अवैध शराब का परिवहन किया गया था, परंतु आबकारी विभाग की टीम ने इस प्लानिंग को सफल नहीं होने दिया। हालांकि नाबालिग का साथी आरोपी युवक अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

उक्त कार्यवाही में आबकारी उपनिरीक्षक अभिषेक वाईकर, आबकारी आरक्षक पुष्पा मीणा, भावना खोड़े , नगर सैनिक शंकर भूरिया एवं नरेंद्र भाटी का सराहनीय योगदान रहा।


