खबरगुरु (रतलाम) 10 जनवरी। आमतौर पर लोग अपने बच्चों का जन्मदिन केक काटकर, अपनों को पार्टी देकर मनाते हैं। शहर का एक परिवार अपने बच्चों का जन्मदिन अनोखे तरीके से मानता है। इस परिवार की खुशियां तब बढ़ जाती है जब इनकी वजह से जरूरतमंद को सहायता मिल जाती है। हम बात कर रहे हैं रतलाम के डॉ. ईश्वर पाटीदार परिवार की। इस परिवार ने अपने बच्चों के जन्मदिन पर जरूरतमंदो के लिए सामग्री भेंट करने की पहल की है। डॉ. ईश्वर पाटीदार फिजियोथैरेपिस्ट हैं और मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बाकी का समय जरूरतमंद की सेवाओं में लगाते हैं। फिजियोथैरेपी हो या स्पीच थेरेपी हो हर दम लोगों की मदद के लिए तैयार रहते हैं।

शनिवार को अपनी बेटी छविश्का पाटीदार के जन्मदिन पर डॉ पाटीदार ने मेडिकल कॉलेज में नेबुलाइजर मशीन भेंट की। यह परिवार अपनी हर खुशी के सुनहरे पलों को एक सामाजिक काम करते हुए मनाना चाहते है। इसके लिए इन्होने अपने बच्चों के जन्मदिन पर जरूरतमंद की सहायता करने का संकल्प लिया है। छविश्का पाटीदार के जन्मदिन के अवसर पर उनके पिता डॉ.ईश्वर पाटीदार द्वारा डॉ.लक्ष्मीनारायण पांडे चिकित्सा महाविद्यालय के शिशु रोग विभाग में छोटे बच्चों के लिए नेबुलाइजर मशीन दी है। इस अवसर पर डॉ. एम.एल. बर्मन (विभाग प्रमुख), डॉ. देवेंद्र नरगवे, डॉ. मनीष राठौर, डॉ.सारिका बघेल, डॉ. प्रतिभा पाटिल एवं नर्सिंग इंचार्ज दुर्गा सिस्टर सहित स्टॉफ मौजूद रहा।
हर वर्ष करते हैं कुछ नया

डॉ. ईश्वर पाटीदार पिछले वर्ष भी अपनी बेटी का जन्मदिन पर अस्पताल में जरूरतमंद को कंबल भेंट कर मनाया था। इसी प्रकार डॉ. पाटीदार ने अपनों का जन्मदिन कभी कमंबल, कभी नए वस्त्र तो कभी नेबुलाइजर मशीन भेंट कर मनाया है। जो एक प्रेरणा का काम भी करता है। इस परिवार ने समाज को संदेश देते हुए एक नई अनुकरणीय पहल की है।


