खबरगुरू (रतलाम) 24 जून। पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में रतलाम पुलिस ने साइबर अपराधों पर सीधा वार किया है। SP अमित कुमार के मार्गदर्शन में मंगलवार 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक जिले में 15 दिवसीय ‘सेफ क्लिक अभियान 2.0’ का शुभारंभ किया गया। नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में SP अमित कुमार और ADM विजेंद्र कुमार रावत ने साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। रतलाम पुलिस जिलेभर में “सायबर योद्धा” तैयार करेगी।

घर-घर पहुंचेगा सुरक्षा का संदेश
15 दिवसीय अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, बैंक शाखाओं, ग्राम पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, शासकीय कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कार्यशालाएं, साइबर चौपाल, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, प्रश्नोत्तरी एवं सोशल मीडिया अभियान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल तथा अन्य डिजिटल सुरक्षा प्लेटफॉर्म की जानकारी प्रदान की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार और शहर राकेश पंद्रो की निगरानी में सभी SDOP, CSP और थाना प्रभारियों ने मिलकर कार्ययोजना बनाई है। अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज, बैंक, पंचायत, आंगनवाड़ी, अस्पताल और बाजारों में कार्यशाला, साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, रैली और सेमिनार होंगे। लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया सुरक्षा की A to Z जानकारी दी जाएगी। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930, NCRP पोर्टल और हेल्प डेस्क 7049127420 का नंबर हर नागरिक तक पहुंचाया जाएगा।
रतलाम पुलिस तैयार करेगी ‘सायबर योद्धा’
अभियान की विशेष पहल के रूप में रतलाम पुलिस जिलेभर में “सायबर योद्धा” तैयार करेगी, जो अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा के स्वयंसेवी जागरूकता दूत के रूप में कार्य करेंगे। इसके लिए एक डिजिटल पोर्टल के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की गई है। सायबर योद्धा बनने के लिए QR कोड स्कैन कर पंजीयन कर सकेंगे। इसके साथ ही नार्को योद्धा, ट्रैफिक मित्र भी बन सकेंगे।
QR स्कैन करो और बनो सायबर योद्धा
अभियान की सबसे बड़ी पहल: रतलाम पुलिस अब हर क्षेत्र में ‘सायबर योद्धा’ तैयार करेगी। ये स्वयंसेवी अपने मोहल्ले-गांव में डिजिटल सुरक्षा के दूत बनेंगे। बनने के लिए बस डिजिटल पोर्टल पर QR कोड स्कैन कर रजिस्ट्रेशन करना है। सायबर योद्धा के साथ ही ‘नार्को योद्धा’ और ‘ट्रैफिक मित्र’ भी बनने का मौका मिलेगा। प्राचार्य, शिक्षक, बैंक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सामाजिक संस्थाएं इस मुहिम से जुड़ेंगी।
SP की सीधी अपील
SP अमित कुमार ने कहा: “कोई भी संदिग्ध कॉल, फर्जी लिंक या OTP मांगने वाले से सतर्क रहें। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वाले ठगों से बचें। धोखाधड़ी हो तो तुरंत 1930 पर कॉल करें।” उन्होंने सभी से ‘सायबर योद्धा’ बनकर खुद जागरूक रहने और दूसरों को बचाने की अपील की। SP ने कहा किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930, सायबर हेल्प डेस्क नंबर 7049127420 अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।
कार्यक्रम में इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, जिला पंचायत सीईओ, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा, डीपीओ आशा शाक्यवार, एलडीएम मोहनलाल मीणा, उप पुलिस अधीक्षक आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


