खबरगुरू (नई दिल्ली) 2 मई। अगर आज आपके फोन पर सरकार की तरफ से कोई इमरजेंसी चेतावनी का मैसेज आया है, तो घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इसके पीछे मकसद यह जांचना था कि आपदा के वक्त लोगों तक तुरंत जरूरी जानकारी पहुंचाने का यह सिस्टम कितना कारगर है। भारत सरकार ने औपचारिक रूप से अपनी स्वदेशी सेल ब्रॉडकास्ट इमरजेंसी चेतावनी प्रणाली शुरू की। यह मैसेज राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, यानी NDMA ने भेजा था, जो इमरजेंसी मोबाइल अलर्ट ट्रायल का हिस्सा है।
फोन की स्क्रीन पर “Extremely Severe Alert” लिखा आया और साथ में संदेश था कि भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी। संदेश में साफ लिखा था कि यह एक परीक्षण संदेश है और जनता को कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। संदेश भारत सरकार की तरफ से जारी था। ये टेक्नोलॉजी मौजूदा SMS सिस्टम के साथ जोड़ी गई है ताकि सुनामी, भूकंप, बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं और गैस लीक या केमिकल खतरों जैसी मानव निर्मित इमरजेंसी में अलर्ट डिलीवरी को मजबूत किया जा सके।


